पांच दिवसीय कार्यक्रम में दस से अधिक देशों के शोधकर्ता और वैज्ञानिक ले रहे भाग
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। परमाणु ट्रैक और विकिरण माप विषय पर जिले के गुरुग्राम विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस शुरू हुई। आयोजन इंटरनेशनल न्यूक्लियर ट्रैक सोसाइटी, गुरुग्राम यूनिवर्सिटी, कुरुक्षेत्र राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान और अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ के सहयोग से किया जा रहा है।
समारोह में गुरुग्राम विवि. के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार मुख्य अतिथि और डीएसईयू के कुलपति प्रो. अशोक कुमार नागावत ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। अतिथियों ने बुक ऑफ एबस्ट्रैक्ट्स का विमोचन किया। कांफ्रेंस के अध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार ने स्वागत भाषण दिया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस सम्मेलन में कोरिया, चेक रिपब्लिक, इटली, नार्थ टेक्सास, रशिया, बुल्गारिया,फ्रांस, चाइना,नेपाल,जापान, अल्जीरिया,देशों के शोधकर्ता और वैज्ञानिक भाग लेने पहुंचे। आईएनटीएस के अध्यक्ष डॉ. आरपी चौहान ने अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस के लक्ष्यों के बारे में सभी को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि न्यूक्लियर ट्रैक सोसाइटी की स्थापना परमाणु-संबंधित अनुसंधान और विकास और नई तकनीक में काम करने वाले अनुसंधान समुदाय ने की।
पहला सम्मेलन कोलोक्वियम ऑन कॉर्पस्कुलर फोटोग्राफी रहा। यह 1957 में स्ट्रासबर्ग (फ्रांस) में आयोजित किया गया। इसके बाद 1976 में म्यूनिख (जर्मनी) में इसका नाम बदलकर ठोस में परमाणु ट्रैक पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन कर दिया गया। इस बार यह कांफ्रेंस भारत में गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित की जा रही है। यह तीन वर्ष में एक बार आयोजित होने वाली कॉन्फ्रेंस है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने इस कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं सहित वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान अग्रवाल कॉलेज के प्राचार्य व कांफ्रेंस अध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. सुभाष कुंडू, प्रो. अभय यादव, मोहम्मद रफीक,डॉ. प्रताप सिंह, प्रो. सरला, समेत विवि. के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे ।