अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। औद्योगिक प्रतिष्ठानों में लंबित पड़े श्रमिक विवादों को लेकर श्रमिक संगठन एटक का प्रतिनिधिमंडल जिला प्रधान कामरेड सुरेश गौड की अध्यक्षता में श्रम विभाग के अतिरिक्त श्रम आयुक्त कुशल कटारिया, उपश्रमायुक्त भगत प्रताप सिंह, दिनेश कुमार, सहायक श्रम आयुक्त गरीब दास कादियान से मिला। श्रम अधिकारियों ने विवादों का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
एटक के जिला महासचिव कामरेड अनिल पंवार ने बताया कि कुछ प्रतिष्ठानों में श्रम विभाग के अधिकारियों की मध्यस्थता से हुए सम्मानजनक समझौते पर उनका धन्यवाद किया गया। इस दौरान एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें नपीनो ऑटो, सनोह इंडिया, जेएनएस, यूनिमेट, ओरिएंट आदि में चल रहे श्रमिक विवादों का समाधान कराने का आग्रह किया गया।
श्रम अधिकारियों ने ज्ञापन में दी गई मांगों का समाधान कराने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में कुलदीप सिंह, हरिप्रकाश शर्मा, बलवीर कंबोज, संतोष कुमार, नरेश कुमार, भरत लाल, सतीष धांनिया, अशोक कुमार, नरेश कुमार, शिव कुमार, राज बहादुर, करतार सिंह, नरेंद्र नैन, केपी सिंह, संदीप कुमार, बलविंदर सिंह आदि शामिल रहे।