जाम से बचने के लिए बाइक-स्कूटी चालक फुटपाथों पर दौड़ा रहे वाहन, लोगों में दुर्घटना का डर
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहुपुर। सेक्टर-47 में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए फुटपाथ अब दोपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ता बनते जा रहे हैं। सुबह और शाम कार्यालय आने-जाने के समय जाम से बचने के लिए बाइक और स्कूटी चालक फुटपाथों पर वाहन दौड़ा रहे हैं, जिससे पैदल चलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पैदल यात्री अरुणाशीष ने बताया कि कई बार पीछे से तेज गति में बाइक आती है और अचानक हॉर्न बजाने लगती है। इससे एक दम से मनुष्य डर जाता है और फुटपाथ पर सुरक्षित चलना असंभव हो जाता है। उनका कहना है कि फुटपाथ पर पैदल यात्रियों का अधिकार होना चाहिए लेकिन अब उन्हें खुद किनारे होकर चलना पड़ रहा है। वहीं, स्थानीय निवासी शिवालिका ने कहा कि यहां से निकलना मुश्किल साबित हो रहा है। हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए स्थिति और भी अधिक चिंताजनक है।
निवासियों का आरोप है कि ट्रैफिक जाम से बचने के लिए कुछ चालक नियमों की अनदेखी कर फुटपाथों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हो रहा है बल्कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।