गुरुग्राम। होली के त्योहार के मद्देनजर जिला खाद्य सुरक्षा विभाग खाद्य पदार्थों की जांच के लिए सोमवार से विशेष अभियान शुरू करेगा। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी के मुताबिक, अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए जाएंगे, जिनकी जिला स्तर पर जांच की जाएगी तो वहीं संदिग्ध नमूनों को जांच के लिए करनाल लैब में भेजा जाएगा।
खास बात यह है कि इस दौरान मोबाइल लैब के जरिए मौके पर ही नमूनों की जांच की जाएगी और प्राथमिक जांच में संदिग्ध पाए गए नमूनों को दोबारा जांच के लिए करनाल लैब में भेजा जाएगा। खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान गुुरुग्राम के साथ ही नूंह में भी चलेगा। दरअसल, होली के त्योहार के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठान संचालक काफी पहले से ही मावे के भंडारण का कार्य शुरू कर देेते हैं। इस दौरान नकली मावा बनाने का कार्य भी जोरों पर चलता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग खाद्य पदार्थों की जांच के लिए अभियान शुरू कर रहा है।
एफएसएसएआई के आदेश के क्रियान्वयन की भी होगी पड़ताल
इस दौरान फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) की तरफ से मिठाइयों की ट्रे पर उनके एक्सपायरी डेट की जानकारी चस्पा करने के आदेश के क्रियान्वयन की भी पड़ताल की जाएगी। मालूम हो कि एफएसएसएआई की तरफ से पिछले साल अक्तूबर में ही खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को मिठाइयों की ट्रे पर उनकी एक्सपायरी डेट की जानकारी चस्पा करने का आदेश दिया गया था। बावजूद इसके इस आदेश का जिले में बेहतर क्रियान्वयन नहीं किया जा रहा है।