- सीसीटीवी फुटेज में रविवार रात 11:38 बजे वारदात का समय आया सामने, तीन गोलियों के हिस्से शरीर में मिले
सोनू यादव
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सिधरावली गांव के पास सर्विस लेन पर दीपक की हत्या में तीन से चार शूटरों के शामिल होने का शक है। मंगलवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें 10 से अधिक गोलियां शरीर के आर-पार होने और तीन गोलियों के हिस्से अंदर मिलने की पुष्टि हुई। आशंका है कि दीपक को करीब 15 गोलियां लगीं, जबकि हमलावरों ने 20 से अधिक गोलियां चलाईं।
मंगलवार को सामने आई सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रविवार रात 11:38 बजे ही दीपक की हत्या कर दी गई थी। उसकी स्विफ्ट कार के सर्विस लेन पर पहुंचते ही तीन ओर से गोलियां चलाई गईं। चालक की तरफ से सबसे अधिक फायरिंग हुई। कार के दोनों शीशे टूटे, पिछला टायर फटा और इस तरफ 10 से अधिक गोलियों के निशान मिले। पुलिस को मौके से 18 खोल मिले थे।
सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच को जांच-
दीपक के चाचा प्रह्लाद सिंह की शिकायत पर बिलासपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। अब जांच सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। रैकी के आरोप में हिरासत में लिए गए जतिन से पूछताछ के आधार पर टीम छापेमारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक, दीपक ने 2016 में गैंग लीडर अशोक राठी के कहने पर उसकी पत्नी सुषमा राठी की हत्या की थी।