गुरुग्राम। बदले हुए मौसम के बीच लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी शहर की आबोहवा खराब रही। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को प्रदूषण और भी ज्यादा बढ़ गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में 40 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार को शहर का समग्र एक्यूआई 296 दर्ज किया गया, जो कि एक दिन पहले 256 था। सुबह के समय प्रदूषण ज्यादा होने के कारण सांस व दमा रोगियों को सांस लेने में तकलीफ हुई। शनिवार को भी सुबह से ही कोहरे व धुंध का व्यापक असर देखने को मिला जबकि सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए।
धूप न खिलने से प्रदूषण का असर दिन भर बना रहा जबकि धुंध भी प्रभावी रही। स्थिति यह रही कि दोपहर 2 बजे भी दृश्यता करीब 500 मीटर ही रही। वहीं, प्रदूषण बढ़ने के साथ ही सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में भी मरीजों की संख्या अब तेजी से बढ़ने लगी है। पिछले दिनों के मुकाबले शनिवार को सुबह के समय ज्यादा स्मॉग दिखाई दिया, जिसके चलते लोगों की समस्या काफी बढ़ गई। प्रदूषण के यह हालात तब हैं जब दिन में तेज धूप खिल रही है। यदि स्मॉग का असर दिन भर रहा तो हालात और भी खराब होंगे। सुबह के समय छाई धुंध के चलते दिल्ली-जयपुर हाइवे पर वाहन चालकों ने एहतियातन वाहन की गति धीमी ही रखी। पिछले दो सप्ताह से प्रदूषण लगातार खराब स्तर पर बना हुआ है। ग्वाल पहाड़ी का इलाका सबसे ज्यादा प्रदूषित है। यहां शनिवार शाम 7 बजे को एक्यूआई 352 रहा जबकि विकास सदन में एक्यूआई 318 रहा। वहीं सेक्टर-51 इलाके में एक्यूआई 246 दर्ज किया गया।