उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण बढ़ी ठंड
अभी और बढ़ेगी सर्दी, गहराएगी स्मॉग की चादर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहरवासियों को मौसम का मिजाज बदला हुआ देखने को मिल रहा है। रविवार सुबह जिले में धुंध छाई रही। सड़कों पर सुबह 11 बजे तक वाहन देखने में परेशानी रही। दृश्यता कम होने के कारण लोगों की चहलकदमी पर भी असर दिखाई दिया। दोपहर को कुछ देर के लिए निकले सूर्य देवता एक बजे तक बादलों में छिप गए। इस बीच उत्तर पश्चिचमी हवाओं का असर मौसम में देखने को मिला। उधर मौसम विभाग ने इस सप्ताह लोगों को सर्दी के तल्ख मिजाज झेलने के लिए तैयार रहने की चेतावनी जारी की है। इस सप्ताह सुबह शाम के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
शहरवासी अब सड़कों पर चलते समय देखने में परेशानी महसूस कर रहे हैं। रविवार तक वातावरण में मौजूद खुष्की धीरे धीरे नमी में बदल गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पहाड़ों से उत्तर पश्चिमी हवाओं का रुख शहर में ठंड बढ़ा रहा है। अगले दो दिनों तक धीरे-धीरे सुबह शाम के तापमान में काफी बदलाव देखने को मिलेगा। इसके साथ ही शहर में ठंड बढ़ेगी। साथ ही साथ मौसम में नमी बढ़ने के कारण धुंध बढे़गी। इस दौरान स्मॉग की चादर भी हावी रहेगी। मौसम वैज्ञानिक एमएल खिच्चर ने बताया कि शुष्क मौसम में आसमान साफ रहेगा। सोमवार से मौसम में नमी के साथ बदलाव के कारण धुंध बढे़गी। इस दौरान धूल के कण भी वातावरण में हावी होंगे। ऐसे में दृश्यता पर प्रभाव पड़ेगा। मौसम में काफी बदलाव होगा।
बच्चे बुजुर्ग रहें सतर्क, अब मौसम के मिजाज रहेंगे तल्ख
पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के कारण उत्तर पश्चिमी हवाएं ठंडक बढ़ा रही है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह शाम आसमान में कोहरे की चादर छाएगी। सर्द हवाओं के साथ सुबह शाम के तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। आगामी एक सप्ताह में मौसम के मिजाज में भारी अंतर आएगा। इसके साथ ही आगामी एक सप्ताह तक लोगों को स्मॉग (धुंध, धूल) से भी राहत मिलेगी। मौसम में आ रहे परिवर्तन के कारण स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। बच्चों में इन दिनों निमोनिया हावी है। उधर, मौसम में परिवर्तन परिजनों की चिंता और न बढ़ा दे इस कारण जिला स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों को पूरी तरह से कवर करने के बाद घर से निकलने की सलाह दी है।
242 रहा जिले का एक्यूआईप्रदूषण को लेकर जिले में खराब स्थिति बनी हुई है। इस सप्ताह वातावरण में नमी बढ़ने के कारण लोगों को प्रदूषण से राहत मिलेगी। हालांकि दिवाली के बाद से जिले के हालात बेहद खराब है। लगातार प्रदूषण का स्तर 300 से 350 के बीच बना रहा। इससे श्वास रोगियों को काफी परेशानी हुई। रविवार को जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 242 के साथ खराब स्थिति में रहा। क्षेत्रीय सूचकांक मीटर के अनुसार ग्वाल पहाड़ी का एक्यूआई 208 रहा। सेक्टर-51 का एक्यूआई 345, टेहरी ग्राम का एक्यूआई 193 और विकास सदन का एक्यूआई 199 रहा।