गुरुग्राम। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) ने नियमों का उल्लंघन करने वाली निर्माण साइटों के खिलाफ कार्रवाई की है। बोर्ड के गुरुग्राम उत्तर क्षेत्रीय कार्यालय की टीम ने धूल नियंत्रण के नियमों का पालन नहीं करने पर पांच निर्माण साइटों को सील कर दिया। इनमें से तीन साइट उद्योग विहार क्षेत्र में स्थित हैं। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, इन निर्माण स्थलों पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाया गया। इसके अलावा निर्माण स्थलों की ओर से एचएसपीसीबी के डस्ट पोर्टल से संबंधित अनिवार्य नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था। इसके बाद अधिकारियों ने निरीक्षण कर पांचों साइटों को सील करने की कार्रवाई की। संवाद