जोन-1 में नगर निगम ने की सख्त कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम ने प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को नगर निगम की टैक्स ब्रांच की विशेष टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रॉपर्टी टैक्स का भारी बकाया जमा न करने वाले डिफाॅल्टरों की प्रॉपर्टीज सील करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जोन-1 क्षेत्र में 5 प्रॉपर्टी को सील किया गया।
इन संपत्तियों पर लंबे समय से प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था, बावजूद इसके बकाया जमा नहीं किया गया था। निगम की चेतावनी के बाद भी राशि न चुकाने पर यह कार्रवाई जोनल टैक्सेशन अधिकारी पंकज कुमार के नेतृत्व में टैक्स इंस्पेक्टर पंकज सलूजा व अन्य कर्मचारियों द्वारा की गई। सील की गई प्रॉपर्टीज में बैस्टैक साइबर पार्क नरसिंहपुर स्थित ओवाना मुंजाल पर 78,40,117 रुपये, बीआर अरोड़ा पर 69,03,051 रुपये, हरीलोक प्रॉपर्टीज पर 17,24,867 रुपये तथा एक अन्य प्रॉपर्टीज पर 1,49,80,950 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। इसके अलावा, कादीपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक प्रॉपर्टी को सील किया गया है, जिस पर 3,34,78,864 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। इन प्रॉपर्टीज में ऐसी प्रॉपर्टी भी शामिल है, जिसमें तीन बेसमेंट बने हुए थे।
अन्य जोन में भी की जाएगी कार्रवाई
टैक्स ब्रांच की टीमें सिर्फ जोन-1 तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जोन-2, 3 और 4 में भी सीलिंग करेंगी। आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में डिफॉल्टर प्रॉपर्टीज पर निगम कार्रवाई करेगा।
निगमायुक्त बोले-नरमी नहीं बरती जाएगी
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने साफ किया है कि प्रॉपर्टी टैक्स से प्राप्त होने वाली राशि शहर की मूलभूत सुविधाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में बकाया राशि न जमा करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। निगमायुक्त ने सभी प्रॉपर्टी मालिकों से अपील की है कि वे समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करें और कानूनी कार्रवाई से बचें।