जमीन के विवाद में दिया वारदात को अंजाम, आठ गोलियां लगीं
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीएलएफ फेस-3 क्षेत्र में प्राॅपर्टी विवाद को लेकर भांजे ने अपने मामा को गोलियों से भून दिया। गंभीर अवस्था में उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। डीएलएफ फेस तीन थाना पुलिस ने परिजन के बयान पर मामला दर्ज किया है। घटना की जानकारी के बाद एसीपी स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार देवेंद्र उर्फ बिंदर नामक व्यक्ति सुबह करीब साढ़े 11 बजे अपनी ब्रेजा गाड़ी से कैश लेकर जा रहा था। इस दौरान बदमाश आए और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस घटना में बिंदर को आठ गोलियां लगी हैं। उसे उपचार के लिए नारायणा अस्पताल ले दाखिल कराया गया है। सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस को मौके से एक पिस्टल व गोलियों के खोल बरामद हुए हैं, जिन्हें कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगालना शुरू कर दिए हैं। एसीपी डीएलएफ विकास कौशिक के अनुसार परिजनों ने भांजे पर संदेह जताया है। पुलिस प्राॅपर्टी के विवाद के एंगल को खंगाल रही है।
खेड़कीदौला में हाइवे के किनारे जमीन पर था विवाद
पुलिस सूत्रों की माने तो दिल्ली के रहने वाले बहनोई और उसके साले का एक जमीन का विवाद था। जिसका हुडा की ओर से मुआवजा भी लिया गया है। उसका 25 प्रतिशत हिस्सा जीजा का बनता था। इस मामले में एक धोखाधड़ी की एफआईआर भी दर्ज है। पुलिस सभी पहलू पर जांच कर रही है।