फर्रुखनगर। पातली हाजीपुर में सुबह की सैर पर निकले सरपंच के पति पर कार सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। घटना में सरपंच के पति बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद जांच शुरू कर दी है। हालांकि देर शाम तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
पातली हाजीपुर की सरपंच मुकेश देवी के पति सतबीर धनखड़ ने बताया कि वह हर रोज की भांति मंगलवार सुबह करीब सवा पांच बजे मॉर्निंग वॉक करने लिए घर से निकले थे। जैसे ही केएमपी सुपर एक्सप्रेसवे के समीप गांव के कच्चे रास्ते पर पहुंचे तो कार सवार अज्ञात युवकों ने उन पर गोली चला कर जान से मारने का प्रयास किया। गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी। वे जान बचा कर भाग आए। हमलावर भी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी व उनकी टीम ने मौके पर पहुंच घटना स्थल की जांच की। सतबीर ने बताया कि करीब दो साल पहले भी उनकी कार को अज्ञात लोगों ने आग लगा दी थी। जिसमें उनके जरूरी दस्तावेज भी चल गए थे। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी सुरेश फोगाट का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही वह और उनकी टीम मौके पर पहुंचे थे। इस बात की भनक लगते ही हवाई फायर करने वाले हमलावर फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है।