सोहना। इलाके में रुपयों के लेनदेन में बदमाशों ने पूर्व नगर पार्षद हरीश नंदा राजू पर सोमवार को फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि वह इस घटना में बाल-बाल बच गए। गोली चलने की घटना से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। वारदात के बाद बदमाश स्कार्पियो में सवार होकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही शहर सोहना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार दहिया और व अपराध शाखा मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मौके से खोल बरामद किया है। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों व्यापारी और सर्वजातीय समाज के लोग मौके पर एकत्र हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली गई है। कैमरे में कैद हुए घटनाक्रम से जांच की जा रही है। हरीश नंदा राजू ने बताया कि दोपहर करीब सवा तीन बजे उन्हें गांव बसई निवासी सचिन का फोन आया था जिसने उनसे मिलने की बात कही थी। कुछ देर बाद उसी व्यक्ति का दोबारा फोन आया जिसने सोहना खेल स्टेडियम के पास बुलाया। सचिन ने बताया कि उसके छोटे भाई के रुपयों के लेनदेन के मामले में आया है। जैसे ही वह सचिन को लेकर अपने कार्यालय पहुंचे तो सचिन के हथियारबंद दोस्त भी मौके पर आ गए। उन्होंने धक्कामुक्की करते हुए उस पर गोली चला दी लेकिन वह बाल-बाल बच गए।
तीन महीने में हुई तीसरी वारदात
व्यापारियों का कहना है कि तीन महीने में सोहना में यह तीसरी वारदात है। इससे पहले बदमाशों ने गांव अलीपुर महिला सरपंच ममता डागर के पति मनोज डागर पर उस वक्त गोली चलाई, जब वह अपनी बिटिया को उपचार के लिए एक डाक्टर के पास लाए थे। मनोज डागर आज भी अस्पताल में उपचाराधीन है। इससे पहले चुंगी नंबर एक पर ईंट भट्ठा कारोबारी विरेंद्र पर एक कार में आए बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।