पानी निकासी को लेकर पड़ोसी से पहले भी विवाद हुआ था
पीड़ित बाल-बाल बचा, दो कारों पर लगी गोली, आरोपी धरा
पुलिस ने मौके से गोलियों के चार खोेल किए बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना अंतर्गत बार गुर्जर गांव में मंगलवार की रात करीब 10 बजे पड़ोसी ने बिल्डिंग मैटीरियल सप्लायर पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में सप्लायर बाल-बाल बच गया, लेकिन उनकी कारों में गोलियां लगी हैं। बताया जा रहा है कि पानी निकासी को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था और इसी रंजिश में गोली चलाई हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी खेतीबाड़ी करता है।
बार गुर्जर निवासी व बिल्डिंग मैटीरियल सप्लायर जयबीर राठी (41) ने खेड़कीदौला थाने में दी शिकायत में बताया कि गांव के ही दिनेश उर्फ धन्नी ने मोबाइल पर कॉल करके धमकी दी थी। दिनेश ने कहा कि अपना पानी रोक ले, नहीं तो गोली मार देगा। जयबीर राठी ने आरोप लगाया है कि 23 दिसंबर की रात करीब 10 बजे दिनेश उर्फ धन्नी अपनी गाड़ी में आया और उस पर गोली चलाई। इस फायरिंग में जयबीर राठी बाल-बाल बच गया और घर के अंदर भागकर चला गया। जयबीर राठी के अनुसार दिनेश उर्फ धन्नी ने भागते समय बाहर खड़ी दो कारों पर गोली चलाईं और माैके से भाग गया।
बार गुर्जर गांव में गोली चलने की सूचना मिलते ही खेड़कीदौला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्राइम सीन का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से चार गोलियों के खोल बरामद किए हैं। जयबीर राठी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दिनेश उर्फ धन्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) व आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। जांच अधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि फायरिंग करने वाले दिनेश उर्फ धन्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है।