गुरुग्राम। अग्निशमन विभाग साइबर सिटी की गगनचुंबी इमारतों में लगने वाली आग को बुझाने के लिए 101 मीटर की ऊंचाई तक वाली हाइड्रोलिक प्लेटफार्म मशीन खरीदेगा। प्रदेश की यह पहली मशीन होगी जिसकी क्षमता इतनी अधिक होगी। इसके लिए फिनलैंड की कंपनी से संपर्क साधा है।
गुरुग्राम में करीब चार हजार मल्टीस्टोरी बिल्डिंगें हैं। अब तक अग्निशमन विभाग के पास आग से निपटने के लिए 42 मीटर ऊंचाई तक की हाइड्रोलिक प्लेटफार्म मशीन हैं। हुडा मास्टर प्लान आने के बाद मल्टी स्टोरी भवनों की संख्या को देखते हुए फायर विभाग की ओर से अधिक ऊंचाई वाली मशीन की आवश्यकता के लिए प्रस्ताव तैयार करके प्रदेश सरकार को भेजा गया था। जिसकी मंजूरी के बाद मुख्यालय की ओर से वायुसेना के अग्निशमन की गाड़ी हो या डीएलएफ की हाइड्रोलिक मशीन हो। आवश्यकता पड़ने पर उनसे काम चलाना पड़ता है। डीएलएफ के पास दो हाइड्रोलिक मशीन है। जिसकी क्षमता 90 मीटर है।
200 मीटर ऊंचाई तक के भवनों के पास हो चुके हैं नक्शे
शहर में लगभग 4000 से अधिक बहुमंजिला भवन बन चुके हैं। बहुत से भवनों का निर्माण जारी है। फायर विभाग की ओर से 200 मीटर ऊंचाई तक भवनों के नक्शे को पास किया जा चुका है।
दो नए दमकल केंद्र खुलेंगे
शहर के विकास के साथ ही अग्निशमन विभाग भी अपना दायरा बढ़ाता जा रहा है। विभाग की ओर से बादशाहपुर व वाटिका सिटी में दो दमकल केंद्र खोलने की योजना है। इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है। जल्द ही इसे खोला जाएगा। इसके साथ ही सोहना, फर्रुखनगर, पटौदी के दमकल केंद्रों के संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है।
-साइबर सिटी की बहुमंजिला इमारतों को देखते हुए विभाग की ओर से 101 मीटर ऊंचाई की क्षमता वाली हाइड्रोलिक प्लेटफार्म मशीन खरीदी जा रही है। लगभग 30 करोड़ की लागत वाली इस मशीन के लिए फिनलैंड से संपर्क किया गया है। खरीद प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होते ही हाइड्रोलिक मशीन मंगाया जाएगा।
गुलशन कालरा, उपनिदेशक, अग्निशमन विभाग, चंडीगढ़।