-22 सूत्रीय मांगों के समर्थन में हरियाणा सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह/पुन्हाना। दमकल कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों और फरीदाबाद अग्निकांड में फंसे लोगों की जान बचाते हुए अपनी शहादत देने वाले दो कर्मचारियों को न्याय दिलाने के लिए दो दिवसीय हडताल बुधवार से शुरु कर दी। बुधवार को जहां कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों में हड़ताल पर रहे, वहीं बृहस्पतिवार को सभी कर्मचारी जिला मुख्यालय पर हड़ताल करेंगे।
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा (शाखा हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन) के आह्वान पर कर्मचारियों ने बुधवार को पूरी तरह काम बंद रखा। नूंह व पुनहाना में दमकल विभाग के कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का स्पष्ट कहना है कि यदि 9 अप्रैल तक उनकी 22 सूत्रीय मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो इस हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है।
कर्मचारी यूनियन के प्रधान दीन मोहम्मद के नेतृत्व में नूंह में आयोजित हड़ताल में कर्मचारियों ने कहा कि जबतक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी हड़ताल जारी रहेगी। इज्जत नसीब, इस्ताक, शकरूल्ला, राशिद, सलीम, देवी किशन आदि ने बताया कि 16 फरवरी को फरीदाबाद की कालकाजी लुब्रिकेंट और शिव स्टील कंपनी में लगी भीषण आग को बुझाते समय एनआईटी दमकल केंद्र के कर्मचारी भवीचंद शर्मा और रणवीर सिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनका इलाज के दौरान निधन हो गया। कर्तव्य पालन के दौरान जान गंवाने के बावजूद सरकार या विभाग की ओर से परिवारों के प्रति न तो संवेदना व्यक्त की गई और न ही किसी आर्थिक मदद की घोषणा हुई।
यह हैं दमकलकर्मियों की मांगें :
कर्मचारियों की 22 सूत्रीय मांगें लंबे समय से लंबित है। जिनमें प्रमुख रूप से फरीदाबाद अग्निकांड में जान गंवाने वाले दोनों कर्मियों को शहीद का दर्जा और उनके आश्रितों को एक एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता व नियमित सरकारी नौकरी मिले। पुलिस की तर्ज पर पांच हजार रुपये मासिक जोखिम भत्ता और 7500 रुपये वर्दी भत्ता, कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों के वेतन में 2022 से लंबित वृद्धि को एरियर समेत लागू करना, कच्चे दमकल कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी एक्ट के तहत 58 वर्ष की नौकरी की गारंटी, ड्यूटी के दौरान चोट लगने पर कैशलेस मेडिकल सुविधा, समान काम-समान वेतन और ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी पर रोक लगाना शामिल है।
फोटो: नूंह में हड़ताल के दौरान नारेबाजी करते दमकल विभाग के कर्मचारी