कोई हताहत नहीं, फायर ब्रिगेड की 10 से अधिक गाड़ियों से 3 घंटे में हुई काबू
गुरुग्राम। सेक्टर-5 स्थित शीतला माता मंदिर के पास प्रकाश वाटिका बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार अल सुबह आग लग गई। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत यह रही कि कोई व्यक्ति आग की चपेट में नहीं आया। भीमनगर दमकल केंद्र के एफएसओ नरेंद्र सिंह ने बताया आग लगने की कारण की जांच की जा रही है। प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान लगाया जा रहा है।
हादसे से बैंक्वेट हाल में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सुबह करीब साढ़े तीन बजे दमकल विभाग को सूचना मिली थी। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-29, भीम नगर, उद्योग विहार और सेक्टर-37 दमकल केंद्र से फायर ब्रिगेड की 10 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इस दौरान आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति एहतियातन तौर पर बंद कर दी गई थी।