दोबारा से आग सुलगने पर फिर भेजनी पड़ी फायर ब्रिगेड
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। मानेसर क्षेत्र के बास कुशला गांव में अज्ञात कारणों से कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलते ही मानेसर फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल टीमों ने पानी का झिड़काव करके आग पर काबू पाया। हालांकि दो घंटे बाद फिर से आग सुलगने पर फायर ब्रिगेड को दोबारा भेजा गया।
मंगलवार की रात 7:50 बजे मानेसर फायर स्टेशन को सूचना मिली कि बास कुशला गांव स्थित कबाड़ में एक गोदाम में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं। दमकल गाड़ियाें की टीमों ने कबाड़ पर पानी का झिड़काव करके आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 8:40 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका।
रात 10:36 बजे फिर से उसी कबाड़ गोदाम में आग लगने के बारे में सूचना मिली तो मानेसर फायर स्टेशन से दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल टीमों ने आग पर काबू पाया।
मानेसर फायर स्टेशन के अधिकारी ललित कुमार ने बताया कि कबाड़ गोदाम में प्लास्टिक का सामान रखा होने के कारण आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया। इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।