- मानेसर में एनएसजी कैंपस के पास हुआ हादसा, दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। एनएसजी कैंपस के पास स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग स्कूल के बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की बात सामने आई है। घटना के समय बच्चे स्कूल पहुंच रहे थे। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए करीब 400 से 500 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बच्चों को बाहर निकालने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी बच्चे या स्कूल कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।
आग लगते ही स्कूल परिसर में धुआं भर गया। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल आईएमटी मानेसर दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल की दो से तीन गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। हालांकि, सुबह के समय मानेसर हाईवे पर लगे लंबे जाम के कारण दमकल वाहनों को स्कूल तक पहुंचने में परेशानी हुई। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया।
दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया और इसे स्कूल के दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोक दिया। आग से स्कूल के जिस हिस्से में घटना हुई, वहां सामान को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें परिसर से बाहर कर दिया। आग की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन संबंधित विभागों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
कोट-
स्कूल में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। स्कूल में मौजूद सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। -नरेंद्र, दमकल अधिकारी, आईएमटी मानेसर