पानी के लिए भी परेशान हुए लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना कस्बे के 66केवी पावर हाउस में आग लगने से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 70 फीडरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई है। आग शॉर्ट सर्किट होने से लगना बताई जा रही है। विभागीय कर्मचारियों ने करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 80 फीसदी फीडरों की सप्लाई चालू करने में सफलता हासिल की है। हालांकि देर शाम तक भी बिजली पूर्ण रूप से बहाल नहीं हो सकी ।
सोमवार की शाम को करीब साढ़े सात बजे अचानक बिजली निगम के 66 केवी पावर हाउस में आग लग गई। आग लगने से पावर हाउस में तैनात कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना अधिकारियों को भी दे दी गई। तैनात कर्मचारियों ने अपनी मदद के लिए दूसरे कर्मचारियों को भी बुलवा लिया था। इसी के साथ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए ।
कर्मचारियों ने पैनलों में लगी आग को मिट्टी डाल कर करीब डेढ़ घंटे में बुझाने में सफलता हासिल कर ली थी। परंतु आग लगने से सभी फीडरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। इसमें सोहना शहर सहित रोजका मेव औद्योगिक क्षेत्र भी शामिल हैं। इसके अलावा क्षेत्र कर सैकड़ों गांवों में भी बिजली की आपूर्ति नहीं हो सकी थी। ऐसा होने से लोगों को बगैर बिजली के ही रात गुजारनी पड़ी थी। बिजली के न होने से मरीज व बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था।
पानी सप्लाई भी हुई ठप
बिजली ठप होने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई। लोगों को अपनी दैनिक चर्या के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं हो सका था। इसके अलावा इन्वर्टर भी फेल होकर रह गए।
क्या कहते हैं अधिकारी
बिजली विभाग के एसडीओ मुकेश कुमार गौड़ बताते हैं कि आग शाॅर्ट सर्किट से लगी है। इससे काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। करीब 35 हजार उपभोक्ताओं को भी परेशानी उठानी पड़ी है।
.............ललित