संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। मरीज को दिल्ली छोड़ने के बाद गुरुग्राम लौट रही स्वास्थ्य विभाग की एक एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई। रास्ते में अचानक वाहन के इंजन हिस्से से धुआं निकलने लगा, जिसे देखकर चालक ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए एम्बुलेंस को सड़क किनारे रोक दिया। देखते ही देखते आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते एम्बुलेंस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एम्बुलेंस काफी हद तक जल चुकी थी।
गनीमत रही कि उस समय एम्बुलेंस में कोई मरीज मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इस घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।