फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram: औद्योगिक वैक्स और पेट्रोलियम जेली बनाने वाली कंपनी में लगी आग, दमकलकर्मियों ने पाया काबू

Sun, 31 May 2026 01:55 PM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम
विज्ञापन
कंपनी में आग लगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

गुरुग्राम के फर्रुखनगर क्षेत्र में औद्योगिक वैक्स और पेट्रोलियम जेली बनाने वाली ओम साई राम इंडस्ट्री में 30 मई की देर रात आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें व धुआं कई किलोमीटर दूर से ही दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही जिले के अलग-अलग फायर स्टेशनों से आठ दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कंपनी में लगी आग में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। संभावना है कि कंपनी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी।

विज्ञापन


मुशैदपुर-खुर्मपुर रोड स्थित ओम साई राम इंडस्ट्री में कंपनी औद्योगिक वैक्स, पेट्रोलियम जेली, कोएक्सियल केबल जेली और डीप ड्राइंग कंपाउंड्स के उत्पादन बनाए जा रहे थे। 30 मई की देर रात करीब 1.30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस और सिविल डिफेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। रात 1.40 बजे कंपनी में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची। यहां पर पटौदी फायर स्टेशन, मानेसर फायर स्टेशन, भीमनगर फायर स्टेशन, सेक्टर-37 फायर स्टेशन व सेक्टर-29 फायर स्टेशन से आठ दमकल गाड़ियों को भेजा गया। इन दमकल गाड़ियों को पानी रिफिल करने के लिए कई चक्कर लगाने पड़े। 

फायर कर्मियों ने करीब तीन घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या झुलसने की खबर नहीं है। आग पर काबू पाने के बाद दमकल कर्मी कूलिंग (मलबे को ठंडा करने) के काम में जुटे हैं। कूलिंग प्रक्रिया पूरी होते ही फैक्टरी  में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा, ताकि मलबे के अंदर की स्थिति पूरी तरह साफ हो सके। फायर अधिकारियों को अंदेशा है कि कंपनी परिसर में शॉर्ट सर्किट होने से केमिकल कबाड़ में आग लगने से यह घटना हुई होगी।
विज्ञापन


कंपनी में आग लगने से काफी नुकसान हुआ है, लेकिन गनीमत रही कि इसमें कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। आग लगने के सही कारणों व इससे हुए आर्थिक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। संभावना है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो। - नरेंद्र यादव, अधिकारी, भीमनगर फायर स्टेशन, गुरुग्राम।

चलती स्कॉर्पियो में लगी आग
सेक्टर-93 पुलिस चौकी के पास 30 मई की शाम को चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। लक्ष्मण विहार के पवन कुमार 30 मई की शाम को अपने दोस्त के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर सेक्टर-93 की ओर गए थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो के बोनट से धुंआ निकलने लगा। उन्होंने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा करके नीचे उतरे व बोनट खोला। बोनट खुलते ही आग ने स्कॉर्पियो के अगले हिस्से को चपेट में ले लिया था। चौकी के पुलिसकर्मियों ने वहां से गुजर रहे पानी के टैंकर को रूकवाकर स्कॉर्पियो पर पानी का छिड़काव करके आग बुझाई। आग लगने से स्कॉर्पियो में काफी नुकसान हुआ है। संभावना है कि गाड़ी की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें