- ट्रैफिक पुलिस की एसटीयू ने सेक्टर-53 थाने में दर्ज कराया केस, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर डिफेंडर गाड़ी को डिवाइडर पर चढ़ाकर दूसरी ओर उतारने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस की एसटीयू ने सेक्टर-53 थाने में चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। गाड़ी का चालान भी काटा गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 25 नवंबर की रात की है। सेक्टर-54 रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास पीछे चल रहे वाहन चालक रविंद्र अंबावता ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में डिफेंडर चालक सड़क पर लगातार लेन बदलते हुए डिवाइडर के ऊपर से गाड़ी निकालता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि चालक का चालान काटने के साथ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से अन्य लोगों की जान को खतरा होता है। ऐसे मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।