गुरुग्राम। पटौदी बाईपास पर बिलासपुर रोड फ्लाईओवर के पास कार की टक्कर से ऑटो पलटने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पटौदी थाना में ये प्राथमिकी मंगलवार को दर्ज की गई है। घायल महिला नानू कलां गांव निवासी अनीता के बयान पर ये प्राथमिकी दर्ज हुई है।
शिकायतकर्ता अनीता ने बताया कि वह गांव नानू कलां की रहने वाली हैं और निजी कंपनी में काम करती हैं। शनिवार 24 अक्तूबर को शाम करीब 6:10 बजे वह अपनी नौ अन्य सहकर्मियों और टेंपो चालक हरवीर के साथ घर लौट रही थीं। तभी पीछे से आ रही एक सफेद रंग की टाटा हेक्सन गाड़ी ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो पलट गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। अनीता के सिर में चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गईं और उन्हें पटौदी के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मंगलवार को अनीता की लिखित शिकायत पर पटौदी थाना में बीएनएस की धारा 125(ए) और 281 के तहत अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ब्यूरो