- गलत पार्किंग के 3069 और रांग साइड ड्राइविंग के 855 चालान किए
- बिना नंबर प्लेट वाले 154 वाहन इंपाउंड
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर एक दिन में 15,986 चालान किए। शनिवार को की गई कार्रवाई में कुल 3 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने गलत पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और निर्धारित लेन के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष कार्रवाई की।
यातायात पुलिस के अनुसार, गलत पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के 3069 चालान किए गए। निर्धारित लेन में वाहन नहीं चलाने पर 1007 और रांग साइड ड्राइविंग करने पर 855 चालान किए गए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट वाले 154 वाहनों को इंपाउंड किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गलत पार्किंग से सड़कों पर जाम लगता है, जबकि रांग साइड ड्राइविंग और लेन नियमों की अनदेखी से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
खतरनाक ड्राइविंग करने वालों के 21 दिन में 1862 चालान
गुरुग्राम। सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस ने खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एक से 21 नवंबर तक की कार्रवाई में 1862 चालान किए गए और 95.05 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस के अनुसार, तेज गति और रैश ड्राइविंग से चालक के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से गति सीमा का पालन करने और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने की अपील की है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। संवाद