निगमायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने किया जोन-3 क्षेत्र का दौरा, सफाई व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण
- निगमायुक्त ने क्षेत्र में नियमित कचरा उठान व बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के अधिकारियों को दिए निर्देश
- राजीव चौक, सेक्टर-31, 32, झाड़सा, सेक्टर-38 व 39 सहित आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे निगमायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त अशोक कुमार गर्ग ने मंगलवार को अधिकारियों की टीम के साथ जोन-3 क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने राजीव चौक, सेक्टर-31, 32, झाड़सा, सेक्टर-38 व सेक्टर-39 सहित आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सफाई व्यवस्था ठीक न मिलने पर उन्होंने संबंधित एजेंसी के खिलाफ छह लाख रुपये का जुर्माना किया है। इसके साथ ही उन्होंने मौके पर ही उपस्थित संयुक्त आयुक्त (स्वच्छ भारत मिशन) अखिलेश कुमार यादव को निर्देशित किया है कि क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखना और कचरे व मलबे को उठाना सुनिश्चित कराएं, ताकि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनी रहे।
जोन-3 बी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी केसी इंटरप्राइजेज को सौंपी हुई है। 20 फरवरी को निगमायुक्त, संयुक्त आयुक्त तथा वरिष्ठ सफाई निरीक्षकों द्वारा अलग-अलग स्थानों का दौरा करने के दौरान क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सही नहीं पाई और 300 स्थानों पर कूड़ा फैला हुआ पाए जाने पर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही एजेंसी को हिदायत दी गई है कि जल्द से जल्द क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित करके रिपोर्ट भिजवाई जाए।
निगमायुक्त ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निगम क्षेत्र में नियमित कचरा उठान और सफाई कार्यों को प्रभावी तरीके से अंजाम दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन स्थानों पर सीएंडडी वेस्ट और कूड़ा मिक्स रूप से पड़ा हुआ है, उसे तुरंत उठवाएं व खाली जमीनों की सफाई सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर खड़ी की गई गार्बेज ट्रॉली भी नियमित रूप से खाली हों, ताकि जमीन पर कचरा ना फैले।
निगमायुक्त ने गुरुग्राम के नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि नगर निगम गुरुग्राम अपने स्तर पर सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। नागरिक भी सफाई के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें व इधर-उधर कचरा फेंकने से बचें। अगर कोई दूसरा व्यक्ति भी आपके आसपास के क्षेत्र में कचरा या मलबा फेंकता है, तो उसे ऐसा करने से रोकें और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करें।
निगमायुक्त ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या मलबा फेंकने वालों पर नगर निगम की सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स सप्ताह के सातों दिन राउंड ओ क्लॉक निगरानी रख रही है। टीम के सदस्यों ने विभिन्न क्षेत्रों की निगरानी करने के दौरान पिछले दो माह में 158 वाहनों पर 22.39 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही 33 वाहनों के मालिकों/चालकों के विरूद्ध विभिन्न थानों में 29 एफआईआर भी दर्ज कराई गई हैं।