- शैक्षणिक रिकॉर्ड, पारिवारिक आर्थिक स्थिति व साक्षात्कार होगा आधार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आर्थिक तंगी के कारण बीच में पढ़ाई छोड़ने वाले छात्रों को गुरुग्राम विवि हमारा परिवार संस्था की मदद से छात्रवृत्ति देगा। इसके लिए विवि में हर वर्ष 15 छात्रों का चयन किया जाएगा। छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड, पारिवारिक स्थिति व साक्षात्कार इसका आधार होंगे।
गुरुग्राम विश्वविद्यालय (विवि) के कुलपति प्रोफेसर दिनेश कुमार ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को छात्रवृति देने के लिए यह मुहिम शुरू की है। छात्रवृत्ति अंतरराष्ट्रीय संस्था हमारा परिवार की ओर से दी जाएगी। बृहस्पतिवार को हमारा परिवार संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक राजकुमार कुमार ने यह प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव के अनुसार चयनित 15 छात्रों की पढ़ाई का 50 से 70 प्रतिशत खर्च हमारा परिवार संस्था वहन करेगी। उन्होंने संस्था के प्रयासों का स्वागत कर छात्रवृत्ति आवेदन के लिए छात्रों को प्रोत्साहित किया।