मानेसर। शिकोहपुर गांव में नालों की खराब हालत और जर्जर सड़कों के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के कई हिस्सों में नालियां टूटी हुई हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है और गंदगी फैल रही है। ग्रामीण जयदीप यादव व संदीप यादव ने बताया कि कई बार नगर निगम के अधिकारी निरीक्षण के लिए भी नहीं आते, जिससे समस्या और बढ़ती जा रही है। गंदे पानी के कारण गांव में बदबू और गंदगी फैल रही है, जिससे लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है, क्योंकि गंदे पानी और टूटी सड़कों के कारण चलना-फिरना कठिन हो जाता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नालियों की मरम्मत की जाए और सड़क को ठीक किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और गांव की साफ-सफाई बेहतर हो सके। संवाद