अपराध शाखा की टीम ने बरेली से किया काबू
गुरुग्राम। रंजिश में गोली चलाकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान यूपी के बरेली के बड़ी बामनपुरा निवासी मनुज रस्तोगी के तौर पर हुई। अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने बुधवार को आरोपी को बरेली से काबू किया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला कि मनुज और अन्य आरोपियों ने योजना बनाकर वारदात की। अब तक मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वारदात 6 मई को गुरुग्राम के लक्ष्मण विहार इलाके में हुई थी। शिकायतकर्ता युवक अपने घर के पास गली में गाड़ी से सामान निकाल रहा था। तभी एक नकाबपोश व्यक्ति ने उस पर गोली चलाई। गोली के छर्रे शिकायतकर्ता के चेहरे और आंख में लगे। सूचना के बाद पुलिस अस्पताल व घटनास्थल पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से कट्टा, एक खाली कारतूस और दो जिंदा कारतूस मिले। सेक्टर-9 थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने 8 मई को एक आरोपी विवेक को यूपी के बरेली से पकड़ा था। 49 साल का विवेक बरेली का ही रहने वाला है। उससे पूछताछ में पता चला कि शिकायतकर्ता के भाई गौरव ने विवेक के साथ बरेली में एक होटल खोला था। होटल में नुकसान होने के कारण विवेक तंगी से गुजर रहा था लेकिन गौरव ने मदद नहीं की। गौरव को आर्थिक मदद उसका भाई दे रहा था। इसी के चलते गौरव के भाई पर विवेक ने हमला कराया।