संवाद न्यूज़ एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। आज से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो रही है। नवरात्र को लेकर शहर के मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। श्री दुर्गा देवी मंदिर समिति के प्रधान सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि नवरात्र महोत्सव को लेकर मंदिर को रंग-बिरंगी लड़ियों और झालरों से सजाया गया है। माता रानी के दरबार में विशेष पूजा-पाठ का आयोजन होगा, वहीं नवरात्र समापन के अवसर पर हवन-यज्ञ उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन भी समिति द्वारा किया जाएगा।
जानकारी देते हुए मंदिर के पुजारी दयानंद ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा होती है। पर्वतराज हिमालय की पुत्री होने के कारण उन्हें शैलपुत्री कहा जाता है। उनका वाहन वृषभ (बैल) है और उनके एक हाथ में त्रिशूल तथा दूसरे में कमल पुष्प रहता है। मान्यता है कि मां शैलपुत्री को पहले दिन घी का भोग लगाने से उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है।
शहर के बाजारों में भी नवरात्र को लेकर रौनक देखने को मिल रही है। दुकानदारों ने माता की चुनरी, नारियल, कलावा, धूप-बत्ती, अगरबत्ती, जोत-बत्ती समेत व्रत सामग्री की पूरी व्यवस्था कर रखी है। भक्तजन बड़े उत्साह के साथ खरीदारी कर रहे हैं।
हिंदू धर्म में नवरात्रि का विशेष महत्व है लेकिन चैत्र और शारदीय नवरात्र को विशेष रूप से मनाया जाता है। श्रद्धालु इन नौ दिनों तक व्रत, पूजा-अर्चना और भक्ति भाव से माता की आराधना करते हैं और घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते है।