संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। रविवार को तावड़ू नगर में सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पंज प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर कीर्तन सुबह 11 बजे डिढारा बाईपास से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए जय भारत रामलीला प्रांगण में संपन्न हुआ।
शोभायात्रा के नगर में प्रवेश करने पर जगह-जगह पंज प्यारों का फूल मालाओं व पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़े पर सवार युवक धर्म ध्वजा लेकर ढोल-नगाड़ों की धुन पर चलते नजर आए। पंजाब से आए बच्चों व युवाओं ने लाठी, तलवार और भाले के माध्यम से युद्ध कलाओं का अद्भुत प्रदर्शन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सोहना और अलवर से आए सिख युवाओं ने करतब दिखाकर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। इस मौके पर गुरुद्वारा सिंह सभा के नूंह जिला प्रधान सरदार गुरुचरण सिंह, ज्ञानी गुरमीत सिंह, सुरेंद्र अदलखा, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवम गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोग व श्रद्धालु उपस्थित रहे।