हथीन। कोट गांव में सांसद विकास निधि से दस लाख रुपये के बजट से बनाए जा रहे बरात घर में घटिया निर्माण सामग्री लगाए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शिकायत मिलने पर पंचायती राज विभाग के अधीक्षण अभियंता स्वयं बरात घर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर चुके हैं। अधीक्षण अभियंता ने कार्यकारी अभियंता हरेंद्र कुमार को लिखित निर्देश दिए कि इस संबंध में संबंधित निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाए और कोई भुगतान नहीं किया जाए। इसके बावजूद निर्माण एजेंसी ने बरात घर की छत डाल दी। अब यह शिकायत पंचायत राज विभाग के मुख्य अभियंता राकेश गोयल के पास पहुंच चुकी है। वह छह नवंबर को स्वयं कोट आकर निरीक्षण कर सकते हैं। कार्यकारी अभियंता हरेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में कार्यवाही की जा रही है। अब निर्माण के लिए एक रुपए का भी भुगतान नही किया जाएगा। संवाद