पांच में सामान्य, एक-एक पिछड़ा व अनुसूचित जाति के लिए वार्ड आरक्षित
मानेसर नगर निगम के लिए ड्रॉ निकालकर तय किया गया वार्ड आरक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मानेसर नगर निगम की वार्ड आरक्षण प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी कर ली गई। जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में बीस वार्ड के मानेसर नगर निगम में सात वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसमें पांच वार्ड पर सामान्य वर्ग और अन्य एक-एक वार्ड से पिछड़ा व अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने परिवार पहचान पत्र के डाटा अनुसार मानेसर के वार्ड नंबर 15, 16 व 20 को अनुसूचित वर्ग के लिए आरक्षित किया है। इनमें से ड्रॉ निकाल कर तीनों वार्डों में से 15 नंबर वार्ड को अनुसूचित महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया।
बीसीए वर्ग के अधिक आबादी वाले वार्ड 8, 9 और 17 में से एक वार्ड को पिछड़ा वर्ग ए महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया जाना था। इन तीनों वार्डों का ड्रा निकाल कर वार्ड नंबर 9 को बीसीए महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
अन्य 16 वार्डों के वार्ड नंबर लिखकर सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए पांंच वार्डों आरक्षित किए गए हैं। इनमें वार्ड नंबर 2, 3, 14, 18 व 19 शामिल हैं। वार्ड नंबर 1, 4, 5, 6, 7, 8, 10, 11, 12, 13 व 17 से कोई भी सामान्य वर्ग का पुरुष या अन्य चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने ड्रॉ निकालने से पहले बॉक्स को अच्छी तरह से उपस्थित नागरिकों व अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराई। खाली बॉक्स में पर्चियां डालकर उसके बाद सभागार में मौजूद नागरिकोंं को बुलाकर उनसे यह ड्रॉ निकलवाया गया। सभी की संतुष्टि के बाद जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि नगर निगम मानेसर के लिए वार्ड आरक्षित कर दिए गए हैं। अब वार्ड आरक्षण के आधार पर ही चुनावी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस दौरान मानेसर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त दिनेश कुमार स्थानीय निकाय निदेशालय के प्रतिनिधि के तौर पर उपस्थित रहे। सभागार मेंं उपायुक्त की ओएसडी प्रीति रावत, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी (जोनल टैक्सेशन ऑफिसर) देवेंद्र कुमार, सहायक प्रदीप शर्मा, एडहॉक कमेटी सदस्य रवि नंबरदार, बलबीर सिंह, बालकिशन, जजपा पदाधिकारी रिषीराज राणा मौजूद रहे।