नकली टेल्मा-एएम की सप्लाई मामले में प्रशासन सख्त
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नकली टेल्मा-एएम दवा की सप्लाई के मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) अब इसके पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटा है। अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें पहले सुब्रत द्विवेदी और जुबैर को गिरफ्तार किया गया था।
सुब्रत द्विवेदी और जुबैर की पूछताछ के बाद दिल्ली ड्रग विभाग की टीम ने दिल्ली के नरेला स्थित मां मनसा देवी अपार्टमेंट में छापा मारकर करीब 50 कार्टन एलोपैथिक दवाएं जब्त की थीं। जब्त दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इस दौरान मिली जानकारियों के आधार पर विभाग दिल्ली से गुरुग्राम तक दवा पहुंचाने में लोगों की भूमिका तलाश रहा है।
पूछताछ में दिल्ली निवासी साहिब अग्रवाल का नाम सामने आया है। टीम इसकी तलाश कर रही है। टीम जब नरेला स्थित फ्लैट पर पहुंची तो दवाओं का सप्लायर साहिब अग्रवाल मौके पर नहीं मिला। औषधि नियंत्रण अधिकारी-2 सुरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच अब केवल नकली दवा के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके सप्लाई नेटवर्क पर भी फोकस किया जा रहा है। विभाग को उम्मीद है कि साहिब अग्रवाल से नकली दवा की सप्लाई से जुड़ी अहम जानकारियां मिल सकती है।