10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। कुकरौला गांव में विवाद के बाद डंडों से हमला करने के मामले में अदालत ने पिता-पुत्र (वीरेंद्र-स्वरूप) को दोषी ठहराते हुए चार-चार साल की कैद सुनाई है। साथ ही 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
गांववासी सतीश कुमार ने शिकायत दी थी दो अप्रैल 2025 की रात वह अपने बेटे गजेंद्र के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत से घर लौट रहे थे। गली में ट्रैक्टर-ट्रॉली नाली में फंस गई और नीचे पत्थर आ गया। सतीश ने पत्थर हटाकर सड़क किनारे रखा तो पड़ोसी और वीरेंद्र गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने अपने बेटे स्वरूप उर्फ सौरभ को डंडा लेकर बुला लिया।
इसके बाद स्वरूप ने गजेंद्र के सिर पर डंडे से वार किया। वीरेंद्र ने भी उसके माथे पर डंडा मारा। बीच-बचाव करने आए पिता-पुत्र के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। अदालत ने माना कि गजेंद्र को गंभीर चोट आई थी, लेकिन आरोपियों की हत्या करने की मंशा साबित नहीं हुई। हमला अचानक हुए विवाद का परिणाम था। आरोपियों ने सामान्य डंडे का इस्तेमाल किया था और घायल के बेबस होने के बाद दोबारा हमला भी नहीं किया। इसी आधार पर अदालत ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं से दोनों को बरी कर दिया।
बचाव पक्ष ने वीरेंद्र को आई चोटों के आधार पर आत्मरक्षा की दलील दी, लेकिन अदालत ने इसे स्वीकार नहीं किया। पुलिस जांच में वीरेंद्र पक्ष को झगड़े की शुरुआत करने वाला पाया गया था।