ग्रेटर नोएडा (संवाद)। नए जमीन अधिग्रहण कानून को लागू कराने समेत तीन मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर 9 सितंबर को किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में सैंकडों किसान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर धरना देंगे। धरने में भीड़ जुटाने के लिए तीन किसान संगठनों के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर जनसमर्थन जुटाने में लगे है।
किसान संघर्ष मोर्चा के प्रवक्ता डा. रूपेश वर्मा ने बताया कि 10 फीसदी भूखंड देने, नए जमीन अधिग्रहण कानून को लागू कराने और आबादी के लंबित मामले के निस्तारण कराने की मांग को लेकर किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर धरना दिया जाएगा। धरने को लेकर किसान सभा, किसान एकता संघ और किसान परिषद के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर जनसहयोग जुटा रहे है। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी धरने को लेकर प्रचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नए जमीन अधिग्रहण कानून के तहत अभी तक गौतमबुद्धनगर के किसानों को उसकी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। कानून को लागू कराने की मांग को लेकर लंबे समय से किसान संगठनों के द्वारा आंदोलन किए जा रहे है। मनमाने तरीके से जमीन अधिग्रहण के नाम पर किसानों से उनकी जमीनें छीनी जा रही है। इसके विरोध में ही 9 सितंबर को धरना रखा है। उस दिन अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।