गांव झाड़सा में आयोजित होलिका दहन के वक्त काले कानूनों की प्रतियां होली में डालकर दहन करते हुए सं
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। किसानों के आंदोलन के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा ने भी तीन माह से राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित राजीव चौक के निकट अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया हुआ है। रविवार को 91वें दिन भी संयुक्त किसान मोर्चा का धरना जारी रहा। किसान आंदोलन को समर्थन देने के लिए विभिन्न कर्मचारी व श्रमिक संगठनों सहित बुद्धिजीवियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
संयुक्त किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोख सिंह का कहना है कि यह अनिश्चितकालीन धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्र सरकार किसानों की मांगों को मान नहीं लेती। यानी कि सरकार द्वारा बनाए गए तीनों कानूनों को रद्द कर एमएसपी पर गारंटी कानून नहीं बना देती।
किसान नेता का कहना है कि इन कृषि कानूनों का लाभ पूंजीपतियों को ही मिलेगा। किसान अपनी ही भूमि पर मजदूर बन कर रह जाएगा। यदि ये कानून लागू हो जाते हैं तो जबरदस्त महंगाई होगी और इसका सीधा असर आम लोगों पर ही पड़ेगा। इस कानून से मध्यम और गरीब वर्ग पूरी तरह से प्रभावित हो जाएगा। उनका कहना है कि पिछले चार माह से किसान दिल्ली की सीमाओं पर डटे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है।
300 से अधिक किसानों की मौत भी हो चुकी है, लेकिन सरकार पर इसका कोई असर पड़ता दिखाई नहीं दे रहा है। जिससे किसानों में रोष व्याप्त होता जा रहा है। होली दहन के अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा तीनों कृषि कानूनों की प्रतियों की होली भी जलाई जाएगी। इसके लिए मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पूरी तैयारियां भी कर ली है। रविवार को धरने पर बैठने वालों की संख्या अच्छी-खासी रही।