गुरुग्राम। किसान आंदोलन के कारण यात्रियों को अब दिल्ली दूर लगने लगी है। आंदोलन के कारण दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने गुरुग्राम रूट की बसें बंद कर दी हैं। वहीं, दिल्ली के रास्ते अन्य जिलों को जाने वाली हरियाणा रोडवेज की बसें भी प्रभावित हैं। ऐसे में यात्रियों को निजी वाहनों से दिल्ली का रुख करना पड़ रहा है।
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि किसान आंदोलन शुरू होते ही कई बार दिल्ली-गुरुग्राम सीमा सील हुई। इस कारण कई बसें फंसी रहने से रूट मिस होने लगे। इसे देखते हुए डीटीसी ने आनंद विहार, धोला कुआं, करोल बाग, द्वारका समेत अन्य रूटों का बस संचालन रोक दिया। वहीं, हरियाणा रोडवेज ने दिल्ली होकर जाने वाले रूटों को बंद कर दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। वर्तमान में यात्रियों को निजी बस समेत कैब पर निर्भर होना पड़ रहा है। जिसका असर यात्रियों की जेब पर भी पड़ रहा है।