गुरुग्राम। जिले में आभूषण ठग गिरोह सक्रिय हैं। महिलाओं को झांसे में लेकर नकली जेवरात की पुड़िया पकड़ाकर असली लेकर फरार हो जा रहे हैं। इसी क्रम में ठगों ने बृहस्पतिवार को चकरपुर निवासी कृष्णा नामक महिला से डेढ़ लाख के जेवरात उतरवाकर फरार हो गए। इससे पहले बुधवार को भी ललिता नाम की महिला को लूटपाट की घटनाओं का खौफ दिखाकर जेवरात उतरवाकर ले गए थे।
चकरपुर चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए गामिया मोहल्ला, चिराग, नई दिल्ली निवासी कृष्णा ने बताया कि बृहस्पतिवार को पति महेश चंद शर्मा के साथ गुरुग्राम के सरस्वती बिहार में एक डॉक्टर से परामर्श लेने आईं थीं। वह डॉक्टर के घर के बाहर खड़ी ही थीं कि एक युवक उनके पास आया और बोला कि वह पुलिस विभाग से है और उसका सीनियर उन्हें बुला रहा है।
कृष्णा सड़क की दूसरी ओर खड़े उस युवक के पास गईं। उस युवक ने कृष्णा से कहा कि शहर में काफी लूटपाट है वह अपने जेवरात उतारकर उसको दे दे। वह एक कागज में लपेटकर उन्हें लौटा देगा। कृष्णा ने अपने करीब डेढ़ लाख के जेवरात उतारकर उस युवक को दे दिए। युवक ने चालाकी से नकली गहने एक कागज में लपेटकर कृष्णा को दे दिए व असली गहने लेकर फरार हो गए। रास्ते में महिला ने कागज की पुड़िया को खोलकर देखा तो ठगी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ठग गिरोह का जल्द पर्दाफाश होगा।