पालम विहार इलाके में स्वास्थ्य विभाग, ड्रग्स कंट्रोल विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। बंगाली जनता सेवा क्लिनिक पर हुई इस छापेमारी में बिना किसी वैध मेडिकल डिग्री या लाइसेंस के पिछले छह वर्षों से क्लिनिक चला रहे सुकुमार बिस्वास नामक फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग ने ड्रग्स कंट्रोल विभाग और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक टीम गठित की और पालम विहार स्थित बंगाली जनता सेवा क्लिनिक पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान यह पाया गया कि सुकुमार बिस्वास नामक व्यक्ति बिना किसी मेडिकल योग्यता और लाइसेंस के मरीजों का इलाज कर रहा था।
छापेमारी के दौरान, मौके से भारी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां, मेडिकल उपकरण और अन्य संबंधित सामग्री जब्त की गई है। इन दवाओं और उपकरणों की गुणवत्ता और वैधता की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी सुकुमार बिस्वास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।