अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आदित्य बिड़ला कंपनी के एलन सोली ब्रांड के नाम पर आनलाइन नकली पैंट बिक रही थीं। कंपनी में काॅपीराइट विंग में काम करने वाले मैनेजर ने आनलाइन पैंट खरीदकर गुरुग्राम पुलिस को इस फर्जीवाड़े की शिकायत दी। सेक्टर 18 पुलिस ने 17ए स्थित एक मकान में छापा मारकर यहां से 440 नकली पैंट बरामद कर एक व्यक्ति को भी पकड़ा।
कंपनी में मैनेजर देवव्रत ने थाने में आठ जुलाई को गुरुग्राम के एक युवक के खिलाफ कापीराइट उल्लंघन का मामला दर्ज कराया। उन्होंने शिकायत में बताया कि इंटरनेट मीडिया पर एक व्यक्ति एलन सोली के नाम से पैंट बेंच रहा था। उन्होंने वहां से सैंपल के तौर पर एक पैंट आर्डर की। जब उन्होंने इसका लेबल और क्वालिटी चेक की तो पता चला कि यह नकली है। इसके बाद कंपनी को चूना लगाने को लेकर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। कंपनी के अधिकारी व सेक्टर 18 पुलिस ने शनिवार को 17ए स्थित एक मकान में कार्रवाई की। यहां आशिफ नाम का एक युवक मौजूद था। यहां से एलन सोली के लेबल लगी हुई 440 पैंट जब्त की गई। पुलिस युवक को पकड़ कर उससे पूछताछ में जुटी हुई है।