चैंपियनशिप में पहले दो-दो स्वर्ण पदक जीत चुके हैं ये खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया में बजाया गुरुग्राम डंका
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। ऑस्ट्रेलिया में तीन से नौ जुलाई तक खेली गई ओशिनिया ताइक्वांडो चैंपियनशिप की ओपन प्रतिस्पर्धा में रविवार को गुरुग्राम की तीन सगी बहनों ने रजत पदक जीते हैं। जिले के वजीराबाद निवासी प्रिया यादव, गीता यादव व रितु यादव ने ओशिनिया ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अंडर-30 आयुवर्ग के तहत महिला टीम में हिस्सा लिया। तीनों बहनों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में एक साथ खेलकर विश्व रिकॉर्ड कायम किया हुआ है।
तीनों बहनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीते शुक्रवार को ताइक्वांडो चैंपियनशिप में एक-एक स्वर्ण पदक और बीते शनिवार को प्रेजिडेंट कप में एक-एक स्वर्ण पदक जीता है। खिलाड़ियों के पिता जितेंद्र यादव ने बताया कि उनकी बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑस्ट्रेलिया में दो-दो स्वर्ण पदक और एक-एक रजत पदक जीतकर देश, हरियाणा व गुरुग्राम का नाम रोशन किया है। उनकी बेटियां वजीराबाद ही नहीं बल्कि क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनी हैं। उन्होंने बताया कि तीनों बहनें अब 28 जुलाई से आठ अगस्त तक चाइना में आयोजित होने वाले वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में हिस्सा लेंगी। तीनों बहनें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर हरियाणा व गुरुग्राम का डंका बजा चुकी हैं।