इंश्योरेंस के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर चलाने के आरोप में पकड़ा गया कॉल सेंटर का मालिक ?
- फोटो : Gurgaon
गुुरुग्राम। साइबर अपराध (वेस्ट) थाना पुलिस ने इंश्योरेंस के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। कॉल सेंटर नई दिल्ली के पूर्वी आजाद नगर इलाके में चल रहा था। मामले में पुलिस ने कॉल सेंटर संचालक और दो युवतियों सहित कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस ने रिमांड पर लिया है। इस दौरान पुलिस उनके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ करेगी।
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त को गुरुग्राम की रहने वाली एक महिला ने साइबर क्राइम (वेस्ट) थाने में इंश्योरेंस के नाम पर 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दी थी। इस मामले पर कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बीते रविवार को नई दिल्ली के पूर्वी आजाद नगर इलाके से एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया, जहां से पुलिस ने कॉल सेंटर मालिक समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें 2 लड़कियां भी शामिल हैं। कॉल सेंटर मालिक की पहचान सुनील कुमार के रूप हुई।
एक दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 1 लैपटॉप, कॉलिंग में प्रयोग की जाने वाली 9 कॉलिंग हेडसेट, 31,500 की नकदी तथा पीड़ित ग्राहकों का डाटा बरामद किया है। आरोपी सुनील कुमार व कर्ण सक्सेना को अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान आरोपियों से अन्य वारदात व इनके साथियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी।