गुरुग्राम। पुलिस ने सेक्टर-50 में शनिवार को छापेमारी कर यूएस और यूके में ऑनलाइन प्रिंटर रिपेयरिंग का झांसा देकर ठगी करने वाला फर्जी कॉल सेंटर पकड़ा। कॉल सेंटर संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कॉलिंग के माध्यम से लोगों से ठगी कर रहा था। आरोपी की पहचान पानीपत निवासी आयुष हाल के रूप में हुई है।
एसीपी (डीएलएफ) करन गोयल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सी-406 सेक्टर-50 निरवाना कोर्ट यार्ड के चौथी मंजिल पर ईजी ग्लोबल सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड नाम से कॉल सेंटर चला कर विदेशी मूल के लोगों को स्पॉट सर्विस देने के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही है। पुलिस ने शनिवार की सुबह वहां छापेमारी की। जिसमें एक कमरे में 9 लड़के और 4 लड़कियां हेडफोन लगाए अंग्रेजी में बात कर रहे थे। जांच में पता चला कि वह यूएस और यूके में बात कर रहे हैं। पूछताछ की गई तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। जिसके बाद कॉल सेंटर संचालक आयुष से पुलिस ने पूछताछ की। एसीपी ने बताया कि आरोपी ने सभी को वेतन पर रखा हुआ था। उनसे यूएस और यूके में कॉल करवाता था। इसके बाद कॉलर को कैनन और एचपी के प्रिंटर रिपेयर करने का झांसा देकर ठगी की जाती थी।
ई-कॉमर्स कंपनी में नौकरी करता था आरोपी
एसीपी ने बताया कि आरोपी बीए पास है। वर्ष 2004 से लेकर 2019 तक ओखला दिल्ली स्थित इंडियारस ई-कॉमर्स कंपनी में काम करता था। इसके बाद एक प्रिंटर रिपेयरिंग करने वाली कंपनी में काम किया। जहां से उसे ठगी करने का आइडिया मिला। इसके लिए उसने दिल्ली के रहने वाले एक युवक से फेसबुक पर संपर्क किया। जिसने डाटा और पेमेंट गेट-वे उपलब्ध करवाया।
डीएलएफ बना फर्जी कॉल सेंटर का हब
गुरुग्राम का डीएलएफ यूके और यूएसए में फर्जी कॉल करके लोगों को ठगने वालों का हब बन गया है। एक महीने के दौरान इस तरह के चार सेंटर पकड़े गए हैं। इनके खिलाफ यूएसए सहित कई देशों से गंभीर शिकायतें भी आईं हैं। कार्रवाई के लिए यूएसए व अन्य देशों से सटीक सूचनाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं, इसके बाद ही यहां की पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई कर पाती है।