गुरुग्राम। शहर में पिछले चार दिन में दूसरे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ है। इस बार पालम विहार इलाके में फर्जी कॉल सेंटर चलता मिला। यहां अमेरिकी नागरिकों को सोशल सिक्योरिटी नंबर ब्लॉक होने का खौफ दिखाकर डालरों में ठगी की जा रही थी।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आजाद सिंह को सूचना मिली थी कि पालम विहार इलाके के सेक्टर-23 स्थित प्लाट नंबर 3202 में फर्जी कॉल सेंटर चल रहा है। इस बात की सूचना सहायक पुलिस आयुक्त राजीव यादव एवं सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर क्राइम) करण गोयल को दी गई। इसके बाद टीम बनाकर मौके पर भेजा गया। कॉल सेंटर में 10 से अधिक युवतियां व लगभग 20 युवक काम कर रहे थे। उनसे पूछताछ की गई तो पता चला कि सेंटर का संचालक जीगर प्रमार, भोला, दीपक एवं मौलिक है।
इनमें से कोई सेंटर में फिलहाल नहीं है। इसके बाद सेंटर के केबिन में बैठे टीम लीडर मुंबई निवासी जरार हैदर, तकनीकी हेड मध्यप्रदेश के भोपाल निवासी प्राथेश पटेल और सहयोगी गुजरात के अहमदाबाद निवासी निशर्ग को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से दो लैपटॉप एवं दो मोबाइल बरामद किए गए। इससे पहले सेंटर संचालन को लेकर उनसे आवश्यक कागजात मांगे गए थे। नहीं दिखाने पर आगे की कार्रवाई की गई।
ऐसे करते थे ठगी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अमेरिकी नागरिकों का डाटा आनलाइन अलग-अलग वेबसाइट से खरीदकर अपने सर्वर वीआईसीआई डायलर पर अपलोड करके तीन से चार हजार लोगों को कॉल करके उन्हें सोशल सिक्योरिटी नंबर ब्लाक करने भय दिखाते थे। इसके बाद उनसे 200 से 500 डालर मांगते थे। मना करने पर नंबर सस्पेंड करने या अरेस्ट वारंट का खौफ दिखाते थे। इसके बाद ग्राहक से टारगेट, ई-बे, नाइक एवं गूगल प्ले के गिफ्ट वाउचर खरीदवाकर वसूली करते थे।
बढ़ता ही जा रहा कॉल सेंटरों का ग्राफ
शहर में फर्जी कॉल सेंटरों का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। इस साल अभी तक आधा दर्जन से अधिक बढ़े मामले सामने आ चुके हैं। अधिकतर फर्जी कॉल सेंटरों में विदेशी नागरिकों को ही निशाना बनाया जाता है। नासमझ व बुजुर्ग लोगों के डाटा को महंगे दामों में खरीदकर साइबर ठग उन्हें निशाना बना लेते हैं। इन्हें इंश्योरेंस दिलाने, लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की जाती है। कॉल सेंटरों में काम कराने के लिए संचालक बेरोजगार युवक युवतियों की मजबूरी का फायदा उठाते हैं। युवक-युवतियों को तो यह भी नहीं पता होता कि वह जिस सेंटर पर काम कर रहे हैं वह फर्जी है या सही है।
पालम विहार में फर्जी कॉल सेंटर से संचालकों के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्त में होंगे। संचालकों को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं।
-करण गोयल, एसीपी, साइबर क्राइम