छात्रावास, कंप्यूटर लैब और लाइब्रेरी देखी, व्यवस्थाओं में सुधार के लिए दिए सुझाव
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा ने गुरुवार को गांव बहरामपुर स्थित एआईसीबी कैप्टन चंदन लाल दृष्टिबाधित मिडिल स्कूल का निरीक्षण कर शिक्षा, प्रशिक्षण और रहने की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी ली।
स्कूल प्रिंसिपल नीना रानी ने बताया कि यहां आठवीं तक के दृष्टिबाधित विद्यार्थी पढ़ते हैं। पढ़ाई के साथ बच्चों को कंप्यूटर चलाने और दूसरे जरूरी कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। विद्यार्थियों के लिए स्कूल में विशेष शिक्षकों के साथ छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध है।
निरीक्षण के दौरान जस्टिस ललित बत्रा ने स्कूल की कक्षाओं, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और विज्ञान कक्ष को देखा। कंप्यूटर शिक्षक सलमान ने बताया कि विद्यार्थियों को माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस, एक्सेल, नोटपैड और टाइपिंग का प्रशिक्षण दिया जाता है। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और सीखी हुई गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया।
उन्होंने लाइब्रेरी में रखी पुस्तकों और ब्रेल लिपि से पढ़ाई करने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की जानकारी ली। इसके बाद छात्रावास, रहने के कमरे, मेस और रसोईघर का भी निरीक्षण किया।
जस्टिस ललित बत्रा ने छात्रावास के कमरों में जरूरी सुधार करने, रसोईघर में आटा लगाने की मशीन उपलब्ध करवाने और डॉर्मेटरी व बरामदे में सीसीटीवी कैमरे लगाने के सुझाव दिए। इसके बाद उन्होंने जगन्नाथ आश्रम का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान, जिला बाल संरक्षण अधिकारी सुप्रिया और जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष उषा कोहली मौजूद रही।