धमकी देने वाले के पास है पीड़ित की पत्नी की भी लोकेशन
न देने पर दंपति को दी जान से मारने की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बीकानेर स्वीट्स के नाम से दुकान चलाने वाले व्यापारी से 50 हजार रुपये प्रतिमाह रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी न देने पर उसको व उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी गई है। इसके साथ ही धमकी देने वाले ने कहा कि उसके पास दंपति की लोकेशन भी है। पीड़ित की शिकायत पर पालम विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले की जांच में क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। मूल रूप से महेंद्रगढ़ निवासी आकाश स्वामी ने पुलिस को बताया कि वह नोबेल एन्क्लेव में किराए पर रहते है। उन्होंने बताया कि बीकानेर स्वीट्स के नाम से सेक्टर-21 और सेक्टर-22 की मार्केट में दुकान की हुई है। उन्होंने बताया कि शनिवार को उनके पास एक व्यक्ति ने फोन कर अपने आप को डुन्डाहेड़ा निवासी गोगा बताने लगा। इसके बाद उसने बताया कि कुछ समय पहले उसने अग्रवाल स्वीट्स पर भी गोली चलाई थी। इसके बाद उसने कहा कि उसे प्रति महीने के हिसाब से 50 हजार रुपये चाहिए। इसके बाद उसने धमकी देते हुए कहा कि उसके पास उसकी व उसकी पत्नी की लोकेशन है। पैसे न देने पर जान से मार देगा। पुलिस का कहना है कि इस नाम का एक व्यक्ति जेल में भी बंद है। जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।