गैंगस्टर के नाम पर ठेकेदार से मांगी रंगदारी
- फोटो : अमर उजाला
गैंगस्टर कौशल चौधरी गैंग के नाम पर एक ठेकेदार को जान से मारने की धमकी और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बुधवार शाम को 15 से ज्यादा काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार युवकों ने ठेकेदार की साइट पर पहुंचकर धमकी दी। डरे ठेकेदार ने इसकी शिकायत राजेंद्रा पार्क थाने में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ठेकेदार पानी और मिट्टी सप्लाई के कारोबार से जुड़े हैं। वह सेंट्रल पार्क (सेक्टर-108) और एलन ग्रुप (सेक्टर-106) में मिट्टी व पानी की आपूर्ति का काम करते हैं। 15 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे, दविंदर (सुक्कू), लखिराम, दिनेश दहिया, भोला, नवीन, मुंडी और अजय दहिया अपने 50-60 साथियों के साथ पहुंचे।
वे लगभग 20 गाड़ियों के काफिले में ठेकेदार की साइट पर आए थे। सीसीटीवी फुटेज में काले रंग की 10 से 12 स्कॉर्पियो गाड़ियां धनवापुर इलाके में रुकती दिखीं। फुटेज में 2 से 3 दर्जन युवक बाहर निकले और उन्होंने शक्ति प्रदर्शन किया। हमलावरों ने धमकी दी कि काम करना है तो दिनेश दहिया और दविंदर (सुक्कू) को पैसे देने होंगे। उन्होंने ठेकेदार के सुपरवाइजर रंजन को भी बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी। दबंगों ने कहा कि 'काम करना है तो ठेके में हिस्सा दो, वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो'। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इन सभी आरोपियों ने कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी के नाम पर रंगदारी मांगी।
रंगदारी और धमकी का तरीका
आरोपियों ने खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया। उन्होंने ठेकेदार को प्रोटेक्शन मनी देने के लिए गैंगस्टर कौशल चौधरी का नाम लिया। धमकी देने के बाद सभी दबंग मौके से फरार हो गए। ठेकेदार ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। बदमाशों के स्कॉर्पियो काफिले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।