गुरुग्राम। राज्य उद्योग और वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को आईएमटी मानेसर स्थित एचएसआईआईडीसी कार्यालय में क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्रवासियों की लंबित मांगों, सुविधाओं के विस्तार और किसानों से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई।
राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गुरुग्राम और मानेसर में स्थानीय लोगों की मांगों के अनुरूप चार नए सामुदायिक केंद्रों की निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इसके साथ ही सेक्टर-80 में पार्क और खेल मैदान के विकास और नाहरपुर कासन में श्मशान घाट की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते को पक्का करने के कार्य को तुरंत शुरू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं से बेहतर तरीके से जोड़ना और क्षेत्र की सामाजिक संरचना को और मजबूत बनाना है।
किसानों से जुड़े मुद्दों पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि आरएंडआर पॉलिसी के तहत प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया को तेज किया जाए। वहीं जिन किसानों का मुआवजा अभी तक लंबित है, उन्हें बिना किसी देरी के जारी करने के आदेश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में चीफ कॉर्डिनेटर इंडस्ट्रीज सुनील शर्मा, एचएसआईआईडीसी के डीजीएम अरुण गर्ग, भाजपा महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव, देवेंद्र यादव शिकोहपुर सहित विभाग के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। संवाद