छह तहसील और तीन उप तहसील में अब तक सिर्फ 253 रजिस्ट्री, 528 आवेदन लंबित
पहले 15 दिनों में 1800 रजिस्ट्री हो जाती थीं
मयंक तिवारी
गुरुग्राम। प्रदेश सरकार की ओर से आधी-अधूरी तैयारी के साथ शुरू की गई ऑनलाइन रजिस्ट्री की व्यवस्था 18 दिन बाद भी पटरी पर नहीं आई है। राजस्व विभाग के आंकड़ों की मानें तो जिले की छह तहसील और तीन उप तहसील में 253 रजिस्ट्री हुई हैं जबकि 528 लोगों के आवेदन लंबित हैं। इसमें सबसे कम 2 आवेदन हरसरु में हैं तो सबसे अधिक 175 रजिस्ट्री फर्रुखनगर में हैं। पहले 15 दिनों में 1800 रजिस्ट्री की जाती थीं। ऑनलाइन सिस्टम अभी पूरी तरह अपडेट नहीं हुआ है। राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि धीरे-धीरे हालात सामान्य हो जाएंगे।
प्रदेश सरकार की ओर से एक नवंबर को पारदर्शिता के चलते ऑनलाइन रजिस्ट्री चालू की गई थी। इसे आम जनता के लिए तीन नवंबर से शुरू किया गया है। 15 नवंबर तक पूरा सिस्टम ठप पड़ा हुआ था। एक से पांच रजिस्ट्री अप्रूव होती थी। तहसील में तैनात लोगों की मानें तो सोमवार से रजिस्ट्री के अप्रूव होने की रफ्तार पकड़ी है। सोमवार को गुरुग्राम तहसील में आठ रजिस्ट्री अप्रूव हुई हैं जबकि चार पुरानी दर्ज की गईं।
जिले की तहसीलों में आवेदन
तहसील आवेदन रजिस्ट्रेशन
गुरुग्राम 38 09
सोहना 53 06
पटौदी 39 15
मानेसर 58 16
फर्रुखनगर 224 175
वजीराबाद 45 15
बादशाहपुर 27 07
कादीपुर 21 02
हरसरु 22 04
ऑनलाइन रजिस्ट्री में तीन चैनल से गुजरती है फाइल
रजिस्ट्री के लिए आवेदन करने वाले की फाइल कंम्यूटर में सबसे पहले आरसी-एक और उसके बाद
आरसी-दो के पास जाती है। दोनों चैनल से गुजरने के बाद अप्रूवल मिलता है। उसके बाद आवेदन करने वाला किसी भी समय तहसील में आकर रजिस्ट्री करवा सकता है।
अप्रूवल के 15 दिन बाद ही करानी होगी रजिस्ट्री
नए सिस्टम के तहत अगर आपका आवेदन अप्रूल हो जाता है तो उसके 15 दिन बाद आवेदन करने वाले का रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। उसके बाद अप्रूवल ऑटोमेटिक निरस्त हो जाएगा। आवेदन दोबारा से करना होगा।
सिस्टम को देख लोग नहीं कर रहे आवेदन
राजस्व विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि औसतन 15 दिन में 2000 रजिस्ट्री दर्ज की जाती हैं। ऑनलाइन सिस्टम में खामी या अपडेट का इंतजार जनता भी कर रही है। उनकी ओर से किसी तरह का दबाव नहीं है। जितने लोगों ने आवेदन किया है उसे अप्रूव करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले की तहसीलों में ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हैं। खामी में सुधार किया जा रहा है। अब जल्द ही पूरी तरह से व्यवस्था पटरी पर आ जाएगी। जनता भी नए सिस्टम में कम आवेदन कर रही है।
- विजय यादव , जिला राजस्व, अधिकारी, गुरुग्राम