सुबह नौ से रात नौ बजे तक भारी वाहन नहीं कर सकेंगे मार्ग का इस्तेमाल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के चलते हाईवे के कुछ हिस्से पर भारी वाहनों के प्रवेश को रोक दिया गया है। जयपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक पचगावं चौक से आईएमटी चौक मानेसर तक बंद रहेगा। यह मार्ग अगले निर्देश तक भारी वाहनों के लिए प्रभावित रहेगा।
दिल्ली जाने वाले भारी वाहन चालक जयपुर से दिल्ली की ओर आते समय पचगांव चौक से केएमपी एक्सप्रेसवे के रास्ते पटौदी रोड व फर्रुखनगर रोड़ से होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे का प्रयोग करके व अन्य वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करके अपने-अपने गंतव्य स्थान की ओर जाएंगे। हालांकि, इस दौरान आपातकालीन सेवाओं, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस, अर्धसैनिक बलों एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े सरकारी वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान हाईवे पर किसी भी प्रकार के नए प्रवेश-कट बनाए जाने पर भी प्रभावी रोक लगाई गई है।
गुरुग्राम यातायात पुलिस आमजन एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें व गुरुग्राम पुलिस का सहयोग करें ताकि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। यह आदेश आमजन की सुरक्षा, यातायात के सुचारू संचालन तथा निर्माण कार्य को बाधारहित पूर्ण कराने के उद्देश्य से जारी किए गए हैं।